यूपी और हरियाणा सरकार की तर्ज पर 14 साल से अधिक की सजा काट चुके कैदियों को रिहा करने की मांग को लेकर हरिद्वार जेल के दो कैदी भूख हड़ताल पर बैठे हैं। दोनों कैदियों का कहना है कि यदि उन्हें रिहा नहीं किया जा सकता तो इच्छा मृत्यु की इजाजत दे दी जाए।
हरिद्वार जेल में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे अनूप गौड़ और भरपूर सिंह भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इन दोनों कैदियों का कहना है कि उन्होंने 18 वर्ष जेल में गुजार लिए हैं। इसके बावजूद भी उन्हें रिहा नहीं किया जा रहा है। यूपी और हरियाणा की सरकार ऐसे कैदियों को रिहा कर चुकी हैं जिन्होंने 14 साल से अधिक की सजा काट ली। इसलिए उन्हें भी रिहा करने का आदेश राज्य सरकार पारित करे। भूख हड़ताल पर बैठे कैदियों को जेल के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेलर एसएम सिंह ने बताया कि आईजी जेल पीवीके प्रसाद और जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी को अवगत करा दिया गया है। कैदियों की रिहाई निर्णय शासन स्तर का है। उन्हें इस बाबत समझा भी दिया गया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हैं।