आप आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के एक किलोमीटर के रोड शो के दौरान प्रदेश की सभी विधानसभाओं के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के पोस्टर लगे हुए नजर आए। हरिद्वार समेत नैनीताल, जसपुर, काशीपुर, गढ़वाल व कुमाऊं मंडल के पदाधिकारियों ने अपने-अपने होर्डिंग व बैनर लगवाए हुए थे। इसके साथ ही उनके समर्थक उनके नाम की नारेबाजी भी करते रहे।
विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के धर्मनगरी दौरे के दौरान प्रदेश की सभी 70 विधानसभाओं के प्रत्याशी पद के उम्मीदवारों के अलावा पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पोस्टर व होर्डिंग व बैनर नजर आए। मात्र एक किलोमीटर के दायरे में 200 से ज्यादा नेताओं के होर्डिंग, बैनर व पोस्टर लगे हुए थे। किसी ने छोटे बैनर लगवाए थे तो किसी ने बड़े-बडे होर्डिंग। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर टिकट की दावेदारी कर रहे कई नेताओं के समर्थक तो अरविंद केजरीवाल व कर्नल अजय कोठियाल से ज्यादा नारेबाजी अपने नेता के नाम की कर रहे थे। शनिवार की देर रात तक रोड शो के रूट पर किसी का कोई भी होर्डिंग व बैनर नजर नहीं आ रहा था। रविवार सुबह सभी जगह होर्डिंग और बैनर नजर आए।