सुखरासा के निकट पथरी रोह नदी पर क्षतिग्रस्त रपटा ।
- फोटो : HARIDWAR
हरिद्वार-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोड़ी बेलवाला के समीप बने पुल का एक हिस्सा धंसने से भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। बुधवार को दिनभर ट्रैफिक को दूसरे रास्ते से निकाला गया। एक तरफ से ही छोटे वाहनों को निकाला गया। एनएचएआई के अधिकारी पुल को दुरुस्त करने में जुट गए थे। उम्मीद है कि आज बृहस्पतिवार को पुल को भारी वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार रोड़ी बेलवाला चौकी क्षेत्र के पास हाईवे पर बना पुल का एक हिस्सा मंगलवार को बारिश के बाद धंस गया था। बुधवार सुबह पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए यातायात को डायवर्ट कर दिया। हरिद्वार से देहरादून की तरफ जा रहे हल्के वाहनों को रोक-रोक भेजा गया। देहरादून से आ रहे हल्के वाहन वीआईपी घाट के सामने भीमगोड़ा बैराज, काली मंदिर चंडी चौकी से होते हुए चंडी चौक पर निकाले गए। एसपी ट्रैफिक आयुष अग्रवाल ने बताया कि पुल के धंसने के चलते ही दिनभर यातायात व्यवस्था में दिक्कत हुई। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को पुल को देखने के बाद यातायात को चलाने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।