ज्वालापुर और रानीपुर कोतवाली क्षेत्र से एक ही रात में गायब हुई दो इको स्पोर्ट्स कार को चुराने वाले दिल्ली के गिरोह केे तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरोह के दो बदमाश पहले भी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
ज्वालापुर के विवेक विहार और रानीपुर क्षेत्र के शिवालिकनगर क्षेत्र से 11 सितंबर की रात को वाहन चोर गिरोह ने दो कारों को चोरी किया था। घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि कार चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थी। जिसके बाद पुलिस लगातार जांच कर रही थी। मंगलवार की रात को पुलिस को सूचना मिली कि सफेद रंग की एक इको स्पोर्ट्स कार जटवाड़ा पुल से धीरवाली की तरफ जा रही है। जिस पर नंबर प्लेट भी नहीं है। जिसके पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग शुरू कर दी। धीरवाली क्षेत्र के बैरियर नंबर पांच पर पुलिस चेकिंग देखकर कार को कच्चे रास्ते पर मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर चोरों को पकड़ लिया।
गाड़ी में मौजूद तीन लोगों से पुलिस ने जब पूछताछ की तो आरोपियों ने अपने नाम संदीप उर्फ कल्लू निवासी मंगोलपुरी थाना राज पार्क दिल्ली, सतीश निवासी गांव आसफनगर कोतवाली मंगलौर व अरविंद निवासी मंगोलपुरी दिल्ली बताया। आरोपियों ने बताया कि कार उन्होंने ज्वालापुर के विवेक विहार से चोरी की। एक अन्य कार को उन्होंने शिवालिकनगर से चोरी किया था। पूछताछ में उन्होंने बताया कि गिरोह के सरगना प्रमोद निवासी मंगोलपुरी दिल्ली है।
-------
कश्मीर से भी पकड़े गए थे दो बदमाश
शिवालिगनगर क्षेत्र से चोरी हुई कार के संबंध में इसी गैंग के दो बदमाशों को चार महीने पहले चौकी औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी प्रवीण रावत व कश्मीर से पकड़कर लाए थे। आरोपी कार चुराने के बाद उसे लेकर दिल्ली गए थे और वहां से नंबर प्लेट बदलने के बाद उसे बेचने के लिए कश्मीर ले जा रहे थे। जिन्हें लखनपुर बॉर्डर पर पकड़ा गया था।
--------
मजार के पास छुपाई थी कार
शिवालिकनगर से चुराई गई कार को आरोपियों ने बहादराबाद में मजार के पास छुपाया था। जिसके बाद पुुलिस ने दूसरी कार को मजार के पास से पहुंचकर बरामद कर लिया। आरोपियों के पास से दो ड्राइविंग लाइसेंस भी पुलिस को मिले हैं।
--------
टीम में यह रहे मौजूद
ज्वालापुर कोतवाल चंद्र चंद्राकर नैथानी, रानीपुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा, सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर, चौकी प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र प्रवीण रावत, रेल चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार, मुख्य आरक्षी सुंदर, आरक्षी प्रेम, तुलसी, संजय रावत, सतेंद्र यादव, विवेक यादव, वसीम, उमेश, हरवीर मौजूद रहे।