हरिद्वार। 15 अगस्त को इस बार रविवार है। महीने का दूसरा शनिवार और रविवार का अवकाश होने के कारण धर्मनगरी में बाहरी लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और यूपी के हजारों लोग परिवार समेत हरिद्वार पहुंच गए। हाईवे से लेकर पार्किंग पर बाहरी राज्यों के नंबरों की गाड़ियां नजर आई। हरकी पैड़ी एवं आसपास घाट भी गुलजार रहे। रविवार को भी हरकी पैड़ी पर भीड़ रहेगी।
कोविड कर्फ्यू में छूट मिलने के बाद से ही हरिद्वार में बाहरी प्रदेशों के लोगों की भीड़ उमड़ रही है। हर वीकेंड पर तो यह संख्या हजारों में पहुंच जाती है। इस सप्ताह भी बड़ी संख्या में लोग हरिद्वार पहुंचे। महीने के दूसरे शनिवार और रविवार का अवकाश होने के कारण शुक्रवार शाम से ही यहां लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। शनिवार सुबह से हाईवे पर बाहरी राज्यों से लोगों का आवागमन होता रहा। हरिद्वार के सभी पार्किंग स्थल वाहनों से पैक नजर आए। जिले के बॉर्डर पर चेकिंग के बाद वाहनों को प्रवेश दिया गया। अधिकतर लोगों ने पहले ही होटल और धर्मशालाओं में कमरों की बुकिंग करवाई है।