8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहर से लेकर देहात का क्षेत्र पूरी तरह से योगमय नजर आया। सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों से लेकर विभिन्न संस्थाओं में हजारों लोगों ने योगाभ्यास किया। हेरिटेज साइड हरकी पैड़ी पर जनप्रतिनिधियों के साथ आम लोगों ने योग किया। हरकी पैड़ी पर एक तरफ गंगा की धारा बह रही थी तो दूसरी तरफ योग की। इस दौरान मुख्य अतिथि केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि विश्व में आज योग इंडस्ट्री के रूप में भी सामने आ रहा है। इसके अंतर्गत 27 मिलियन डालर का कारोबार हो रहा है, जो वर्ष 2027 तक 67 मिलियन डालर तक पहुंच जाएगा।
मंगलवार को आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग, जिला प्रशासन, श्रीगंगा सभा और डीपीएस रानीपुर के संयुक्त तत्वावधान में 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ‘मानवता के लिए योग’ थीम पर हरकी पैड़ी पर भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर्नाटक मैसूर से हुए लाइव प्रसारण को सुनने और देखने के लिए स्क्रीन लगाई गई थी। योगाभ्यास करने हरकी पैड़ी पहुंचे लोगों ने पीएम मोदी को उत्सुकता से सुना। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को विश्व में स्थापित करने का ऐतिहासिक काम किया है। विश्व में भारत के गौरव को बढ़ाया है।
सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि पूरी दुनिया के लिए आज विशेष दिन है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि जब योग की चर्चा होती है, तो उसमें भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र अवश्य होता है। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि योग से मन, मस्तिष्क और शरीर स्वस्थ रहता है।
योग का अभ्यास योगी रजनीश ने कराया। डीपीएस रानीपुर के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अपर सचिव सी रविशंकर, जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय, एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार, एडीएम वित्त एवं राजस्व वीर सिंह बुदियाल, एडीएम प्रशासन पीएल शाह, सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह, एसडीएम पूरन सिंह राणा, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष श्री प्रदीप झा, महामंत्री तन्मय वशिष्ठ और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हरकी पैड़ी पर योग करते लोग ।- फोटो : HARIDWAR