दहेज में लग्जरी कार और दस लाख रुपये नहीं मिलने से नाराज ससुरालियों ने विवाहिता से मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रानीपुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के मुुताबिक गांव गढ़मीरपुर निवासी शमा ने शिकायत देकर बताया कि उसकी शादी सहारनपुर के गांव मक्काबास थाना गागलहेड़ी निवासी जाहिद के साथ तीन मार्च 2020 को हुई थी। विवाहिता का कहना है कि उसके मायके वालों ने दहेज में ऑल्टो कार दी थी। जिससे ससुराल वाले खुश नहीं थे। पति जाहिद को ब्रेजा कार और ससुराली दस लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
आरोप है कि ससुराल वालों ने धमकी दी कि यदि दहेज में ब्रेजा कार और दस लाख रुपये नहीं मिले तो जलाकर हत्या कर देंगे। आरोप है कि ससुरालियों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। उसके साथ कई बार मारपीट की गई और सुसाइड नोट भी लिखवाने की कोशिश की गई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पति जाहिद, ससुर महबूब, सास अकबरी, देवर दानिश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।