सिडकुल। करीब 12 लाख रुपये की लागत से बनी पुलिस लाइन रोशनाबाद पुलिया दोनों तरफ से बैठ गई है। इससे दोनों तरफ से ही आने जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने पुलिया निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करते हुए जल्द पुलिया निर्माण की मांग उठाई है।
दो साल पूर्व लोक निर्माण विभाग ने पुलिस लाइन रोशनाबाद में 12 लाख रुपये की लागत से 30 फीट चोड़ी पुलिया का निर्माण किया। पुलिया से पुलिस लाइन एवं जेल में बंद कैदियों से मिलने आने वाले लोग और पुलिस लाइन में हल्के वाहन ही आवागमन करते हैं। स्थानीय लोग भी पुलिया से ही आते जाते हैं। लेकिन अब पुलिया के दोनों तरफ के हिस्से बैठ चुके हैं। इससे लोगों को आवागमन करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि पुलिया निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। जिस कारण पुलिया के दोनों तरफ के हिस्से ही बैठ चुके हैं। विभागीय अधिकारी भी तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। मामले में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता जितेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि पुलिया के दोनों हिस्से बैठ चुके हैं इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उनके पास इस संबंध कोई शिकायत नहीं आई है। मौके का निरीक्षण कर पुलिया की मरम्मत करवाई जाएगी।