हरकी पैड़ी पर स्नान करते श्रद्धालु ।
- फोटो : HARIDWAR
वसंत पंचमी पर मां सरस्वती पूजन के साथ श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी पर डुबकी लगाकर परिवार की खुशहाली और सुख समृद्धि की प्रार्थना की। दो दिन बाद चटख धूप खिलने से अपराह्न तक हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर श्रद्धालु स्नान करते रहे।
हरकी पैड़ी पर सामान्य दिनों में भी श्रद्धालुओं की भीड़भाड़ रहती है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को बारिश होने से घाटों पर सन्नाटा पसरा रहा था। शनिवार को वसंत पंचमी पर हरिद्वार और बाहरी राज्यों के श्रद्धालु गंगा स्ना के लिए पहुंचे। तड़के चार बजे से ही श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी पर स्नान किया। सुबह आठ बजे धूप निकली और पूरे दिन रही। धूप निकलने से हरकी पैड़ी और आसपास के घाट श्रद्धालुओं से गुलजार रहे।
श्रद्धालुओं की संख्या सीमित रही। जिसके चलते पुलिस को कोविड नियमों के पालन करवाने में जद्दोजहद नहीं करनी पड़ी। पुलिस ने मुनादी करवाकर श्रद्धालुओं से मास्क पहनने की अपील की। मास्क नहीं पहनने वाले श्रद्धालुओं के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। पिछले कई दिनों बाद हरकी पैड़ी एवं आसपास घाटों पर श्रद्धालुओं की चहल पहल होने से कर्मकांड एवं पूजन करने वाले पंडितों, फोटोग्राफरों एवं श्रद्धालुओं पर निर्भर व्यापारियों ने राहत की सांस ली। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद मंदिरों में पहुंचकर पूजा अर्चना की।