सोमवती अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने के बाद गंगा घाटों और बाजारों में गंदगी के अंबार लग गए। नगर निगम ने सोमवार रात से कूड़ा उठाने का दावा किया। हरकी पैड़ी समेत गंगा घाटों से कूड़ा उठाया भी। लेकिन अपर रोड और आसपास के कई क्षेत्रों में मंगलवार शाम तक कूड़ा नहीं उठा। कूड़ा फैला होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय दुकानदारों को जूझना पड़ा।
शहर से प्रतिदिन 150 मीट्रिक टन कूड़ा होता हैं, जबकि स्नान पर्वों पर 200 एमटी से अधिक कूड़ा निकलता है। सोमवती स्नान पर रिकॉर्ड भीड़ उमड़ने से कूड़ा 220 तक मीट्रिक टन तक पहुंच गया। सोमवार को दिनभर गंगा घाट और बाजारों में सफाई व्यवस्था चरमराई रही। नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती ने बैठक कर रात में भीड़ कम होने पर घाट और बाजारों में सफाई कर कूड़ा उठवाया। रात 11 बजे तक 23 मीट्रिक टन कूड़ा घाटों से उठाया गया। मंगलवार को भी घाटों की सफाई की गई। लेकिन अपर रोड, मोती बाजार, बड़ा बाजार आदि क्षेत्रों तक नगर निगम कर्मचारियों की टीम नहीं पहुंच सकी। जगह-जगह कूड़े के अंबार दिखे। हरकी पैड़ी, मालवीय घाट, सुभाष घाटों से नमामि गंगे के कर्मचारी सफाई करते नजर आए। एक स्थान पर कूड़ा एकत्र कर चार ट्रैक्टर-ट्रालियों से कूड़ा उठाया गया। नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती का कहना है कि कूड़ा उठवा दिया गया। भीड़ बढ़ने पर थोड़ी समस्या खड़ी होती ही है।