नारियल तोड़ा गया लड्डू भी बंटे कार्यदायी संस्थाएं नहीं पहुंची काम करने
स्थानीय निवासियों ने जल्द कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
सप्तऋषि। उत्तरी हरिद्वार के श्यामलोक कॉलोनी में सड़कों की जर्जर हालत से लोग परेशान हैं। सीवर और पेयजल पाइप लाइन परियोजनाओं के लिए की गई खोदाई के बाद सड़कों की स्थिति बदहाल हो गई है। तीन अक्तूबर को कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया था लेकिन एक माह बाद भी काम शुरू नहीं हुआ है।
अभी तक धरातल पर सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं होने से स्थानीय निवासियों में आक्रोश हैं। इसमें श्यामलोक निवासी प्रभात कुमार ने बताया कि कैबिनेट मंत्री ने नारियल फोड़कर कार्य की शुरुआत कराई थी। रामकुमार शर्मा ने कहा कि जर्जर सड़क पर कॉलोनी की महिलाएं, स्कूल के छात्र-छात्राएं सहित स्थानीय बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि निशि अग्रवाल, अर्चना और मोहयाल आश्रम की महिला कर्मी भी घायल हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र की सुध लेने कोई नहीं पहुंच रहा है। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की बात सुनकर अच्छा लगा था। तीन अक्तूबर को कैबिनेट मंत्री कौशिक ने श्यामलोक कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य को गति देने के लिए आश्वस्त भी किया था।
विभागीय खींचतान से बढ़ी परेशानी
श्याम लोक कॉलोनी के निवासियों का आरोप है कि विभागीय खींचतान के कारण सड़क निर्माण कार्य रुका है। नरेंद्र पाटीदार, प्रभात कुमार, देवेंद्र पंत, दीपक धनवानी, रमाकांत शर्मा, सावन अग्रवाल और संजय बहुखंडी का कहना है कि निर्माण कार्य नहीं होने से हर रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं। वहीं, पीएमसी से श्याम गुप्ता, अखिलेश्वर प्रसाद और रत्नाकर मौर्या का कहना है कि कार्य लंबित है। लोनिवि, गंगा प्रदूषण इकाई और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उद्घाटन के समय मौजूद थे। इनमें अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, अपर सहायक अभियंता सीएल भारती, सुधीर कुमार और समूह प्रमुख अभियंता रजत शर्मा भी शामिल थे।