हरिद्वार में भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से मिलते हरिद्वार
- फोटो : HARIDWAR
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को हरिद्वार पहुंचकर एक कार्यक्रम से तब हाथ खींचने पड़ गए, जब उन्हें पता चला कि कार्यक्रम सामाजिक नहीं बल्कि राजनीतिक है। उन्होंने यूनियन के कार्यकर्ताओं को भी कार्यक्रम से बुला लिया। सड़क पर ही उनसे बात कर प्रदेश में किसानों के हितों की बात करने वालों को जिताने का आह्वान किया।
सोमवार को देवपुरा चौक के पास होने वाले कार्यक्रम में चौधरी राकेश टिकैत को आयोजकों ने बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया था। वह समय के अनुसार हरिद्वार पहुंच गए थे। पर जब पता चला कि कार्यक्रम किसी दल विशेष की ओर से कराया जा रहा है तो वह मौके पर नहीं गए। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे भाकियू कार्यकर्ताओं को भी तुरंत वापस बुलाया। रानीपुर कोतवाली के पास सड़क के किनारे गाड़ी रोककर कुछ देर कार्यकर्ताओं से बातचीत की और चुनाव के समय राजनीतिक लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा। टिकैत ने कहा कि कार्यकर्ता किसी के भी बहकावे में न तो आएं और न ही किसानों को आने दें।
चुनाव में ऐसे लोगों को वोट देकर जिताने का काम करें, जो किसानों के हितों के लिए बात करते हों। किसानों के विरोध में काम करने वाले लोगों से बचें। किसानों को भी क्षेत्रों में जाकर इसके लिए जागरूक करें। कार्यकर्ताओं से वार्ता करने के बाद वह लौट गए। इस मौके पर भाकियू जिलाध्यक्ष विजय कुमार शास्त्री, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी, सुब्बो सिंह ढिल्लों, गुरपेज सिंह ढिल्लों, जोगेंद्र सिंह, बलबीर सिंह, गुरविंदर सिंह, रवि कुमार, चौधरी सुक्रमपाल, हरेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।