मांस और नशे के अवैध धंधे के खिलाफ भैरव सेना संगठन के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष चरणजीत पाहवा के नेतृत्व में चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन कर पुतला फूंका। इस दौरान चरणजीत पाहवा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में मांस की सैकड़ों दुकानें अवैध रूप से चल रही हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद सरकार व प्रशासन रोक लगाने में नाकाम रहा है।
पाहवा ने कहा कि अवैध रूप से चल रहे मांस और नशे के कारोबार से धर्मनगरी की मान्यता तार-तार हो रही हैं। हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। युवा पीढ़ी नशे की लत का शिकार हो रही है। अवैध रूप से मांस की दुकानें संचालित होने से लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भैरव सेना संगठन विश्व प्रसिद्ध धर्मनगरी में अवैध रूप से चल रहे मांस व नशे के अवैध धंधे पर रोक लगाने के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहा है। लेकिन राजनीतिक संरक्षण मिलने की वजह से प्रशासन इस पर रोक नहीं लगा पा रहा है। कोर्ट के आदेशों का पालन भी नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शन व पुतला दहन करने वालो में चरणजीत पाहवा, श्याम सुंदर शर्मा, बिजेंद्र पंवार, धर्मवीर शर्मा, सतेंद्र यादव, प्रिंस ठाकुर, मोहित अरोड़ा, धर्मेंद्र वाल्मीकि, नवीन भंडारी, सागर बादल, विशाल, राजीव, शिवम, विकास, नितिन, अजय, गुरमीत, बिजेंद्र पंवार, प्रिंस राजपूत, मनोज, अमित, गौरव आदि शामिल रहे।