फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डकैती का सोना खरीदने वाले सराफा को बी-वारंट पर लाई पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
शंकर आश्रम स्थित ज्वेलर्स के शोरूम में दिनदहाड़े हुई डकैती का सोना बदमाशों से खरीदकर दूसरों को बेचने वाले बुलंदशहर के सुनार को बृहस्पतिवार को पुलिस बी वारंट पर हरिद्वार लाई। पुलिस रिमांड में उससे पूछताछ की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ के बाद सोना भी बरामद हो सकता है।
विज्ञापन

इसी साल जुलाई में ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के शंकर आश्रम स्थित मोरा तारा ज्वेलर्स के मालिक निपुण गुप्ता सहित सभी कर्मचारियों को दिनदहाड़े बंधक बनाकर हथियारबंद बदमाशों ने करोड़ों रुपये की डकैती डाली थी। इसके बाद आरोपी सोने-चांदी व हीरे के आभूषण लेकर फरार हो गए थे। पुलिस जांच में बुलंदशहर के ताऊ गैंग का हाथ डकैती में सामने आने पर एक सप्ताह के भीतर मास्टर माइंड सतीश चौधरी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। दो आरोपी विकास और माल खपाने वाले सुनार प्रदीप उर्फ जैकी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे।
कुछ दिन पहले एक पुलिस टीम ने बुलंदशहर पहुंचकर विकास के घर कुर्की की थी। इस बीच पता चला कि आरोपी सुनार किसी पुराने मामले में बुलंदशहर से जेल चला गया है। मामले की जांच कर रहे रानीपुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने आरोपी को बी वारंट पर हरिद्वार लाने के लिए कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया था। कोर्ट के आदेश बुलंदशहर जेल पहुंचने पर उत्तर प्रदेश पुलिस सुरक्षा के बीच सुनार को हरिद्वार लेकर पहुंची। उसे फिलहाल रोशनाबाद जिला कारागार में दाखिल करा दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि कोर्ट से पुलिस कस्टडी रिमांड लेकर माल बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें