- छह माह पहले शुरू हुआ था काम, बरसात में उठानी पड़गी दिक्कत
पथरी। सुकरासा के निकट पथरी रोह नदी पर पुल का निर्माण कार्य बंद पड़ा है। इससे बरसात के दिनों से पहले पुल का निर्माण कार्य पूरा होना मुश्किल लग रहा है। छह माह पहले पुल का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। कुछ दिनों तक कार्य चलता रहा है। इसके बाद निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। लोगों ने डीएम व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से पुल का निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। बरसात के दिनों में पथरी रोह नदी में अधिक पानी आने से पुल के पास बना अस्थायी रपटा पानी में डूब जाता है। लोगों को कई किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर दूसरे मार्गों से आवागमन करना पड़ता है। अब लोग इस रपटे से ही आवागमन कर रहे हैं। ऐसे में अगर पुल का निर्माण बरसात से पहले नहीं हुआ तो उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ेगी।
बता दें कि हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने सरकार को सुकरासा के निकट पथरी रोह नदी पर पुल के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा था और विधानसभा में इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इस पर उनके प्रस्ताव पर सरकार ने पथरी रोह नदी पर 36.00 मीटर स्पान के प्री-स्ट्रेस आरसीसी सेतु का नव निर्माण कार्य के लिए 543.85 का बजट मंजूर किया है। इस पुल के बनने से करीब 40 गांवों के लोगों को आवागमन का फायदा होगा। दूसरी ओर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार का कहना है कि संबंधित ठेकेदार को जल्द ही तेजी के साथ पुल का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कहा गया है, ताकि, समय पर पुल का निर्माण कार्य पूरा हो सके।