रेलवे में अब छोटे कामों के टेंडर नहीं निकलेंगे बल्कि इसके लिए की नीलामी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। आनलाइन तरीके से ई-नीलामी पर कोई भी बोली लगा सकेगा और अधिक बोली लगाने वाले को छोटे काम करने का मौका मिल जाएगा। मुरादाबाद रेल मंडल में नौ स्टेशनों पर इस प्रक्रिया के तहत ई नीलामी की जाएगी। इसमें हरिद्वार रेलवे स्टेशन भी शामिल है।
छोटे-छोटे बदलावों से रेलवे की पहचान को पारदर्शी व सुविधाजनक बनाया जा रहा है। रेलवे बोर्ड जन सुविधाओं के लिए लगातार नए आदेश जारी कर रहा है और उसे लागू करने के साथ पुरानी व्यवस्था को नई डिजिटल व्यवस्थाओं से जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में छोटे कामों के लिए होने वाले टेंडर प्रक्रिया में भी बदलाव किया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन पर टायलेट की व्यवस्था हो या पार्किंग के लिए दिए जाने वाला ठेका अब ई-नीलामी के जरिए ही मिलेगा। इसके अलावा विज्ञापन आदि के लिए भी टेंडर की प्रक्रिया नहीं होगी। बल्कि ई नीलामी के जरिये स्टेशन पर विज्ञापन के लिए जगह मिल जाएगी। इतना ही नहीं एटीएम आदि लगाने के लिए भी अब की नीलामी के जरिये ही बोली लगाई जा सकेगी और पारदर्शी तरीके से बोली लगाने वाले को संबंधित कार्य करने का मौका मिलेगा।
मुरादाबाद रेलवे मंडल के नौ स्टेशनों पर दस शौचालयों को ई नीलामी के माध्यम से बोली कर्ताओं के लिए बोली के लिए उपलब्ध कराया गया। यह प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी होगी। आगे भी मंडल के कई कांट्रेक्ट ई-नीलामी के माध्यम से ही आवंटित किए जाएंगे।
सुधीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मुरादाबाद रेल मंडल