हरकी पैड़ी पर निरीक्षण करते एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ।
- फोटो : HARIDWAR
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश में नाइट कर्फ्यू लागू है। मंगलवार रात पुलिस सड़कों पर उतरी और हरकी पैड़ी से लेकर अलग-अलग इलाकों का निरीक्षण किया। कुछ दुकानें खुली मिलीं तो उनको बंद करवाया। कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर कार्यवाही की चेतावनी दी।
धर्मनगरी में रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आमतौर पर नौ बजे के बाद दुकानें बंद हो जाती हैं लेकिन यात्रियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में रात भर दुकानें खुलती हैं। मंगलवार रात एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस सड़कों पर उतरी और जायजा लिया। एसपी सिटी ने सादी वर्दी में टीम के साथ हरकी पैड़ी, शिवमूर्ति, देवपुरा, ज्वालापुर, रानीपुर मोड़ समेत अन्य इलाकों का निरीक्षण किया। कई जगहों पर खुली दुकानों को बंद करवाया। सड़कों पर आवाजाही करने वालों को रोककर पूछताछ की। ऑटो, ई-रिक्शा वालों को भी रोककर पूछताछ की गई। एसपी सिटी ने लोगों से कर्फ्यू का पालन करने का अनुरोध किया। एसपी सिटी ने रात 11 बजे चंद्राचार्य चौक पर कार सवार को रोका और रात में घूमने का कारण पूछा गया। कार चालक ने बताया कि वह चाचा के घर से डिनर कर वापस लौट रहा है। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि सिडकुल से नाइट शिफ्ट ड्यूटी कर आने और जाने वाले लोगों से किसी भी प्रकार की सख्ती नहीं की जाएगी। पुलिस रात में घूमने का कारण पूछती है तो लोगों को बताना होगा कि वह कहां से आ और जा रहे हैं। उन्होेंने कहा कि पहला दिन होने के कारण किसी भी प्रकार की कोई सख्ती नहीं की गई। सभी से कपर्यू का पालन करने का अनुरोध किया गया। यदि कोई लापरवाही करेगा तो कार्यवाही शुरू की जाएगी।