युवा कल्याण खेल, शिक्षा और पंचायती राज विभागों के समन्वय से स्पोर्ट्स स्टेडियम रोशनाबाद में चल रहे खेल महाकुंभ के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
दूसरे दिन अंडर-17 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं। कबड्डी बालिका वर्ग में नारसन की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम की खिलाड़ी काजल कुमारी, मोनाली, कोमल, अंशु, काजल, पलक, सलोनी, अंशिका, नाजिया, साक्षी रही। बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में लक्सर की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। टीम में राहुल, वंश राणा, विक्रांत चौधरी, नकुल, शगुन कुमार, हर्ष देव, विशाल, यश कुमार, प्रशांत, निकेत रहे।
बालिका वर्ग की 4 गुणा 100 मीटर रिले दौड़ में खानपुर की टीम की मनीषा, नीलम, आयुषी, रश्मि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग की 4 गुणा 100 मीटर रिले दौड़ में रुड़की की टीम के रितिक शर्मा, अभिषेक सैनी, अंकुश कुमार, करन ने बाजी मारी। विजेता टीम के प्रतिभागियों को उप जिला क्रीड़ा अधिकारी वरूण बेलवाल ने मेडल, प्रमाणपत्र और नकद धनराशि स्वरूप पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, मुकेश कुमार भट्ट, पूनम मिश्रा, जितेंद्र वर्मा, संदीप खंखरियाल, अवनीश कुमार, जितेंद्र कुमार, चौधरी बालेश, अंजेश कुमार, अजय शर्मा आदि मौजूद रहे।