निजी अस्पताल के मैनेजर ने छह कमरे बनवाने के लिए राजमिस्त्री से 80 हजार रुपये में सौदा तय किया। काम पूरा होने पर राजमिस्त्री को मात्र 20 हजार रुपये दिए। राजमिस्त्री ने मैनेजर से बकाया मांगा तो राजमिस्त्री और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्वालापुर कोतवाल महेश जोशी के मुताबिक संजय कुमार निवासी गांव सराय ने शिकायत देते हुए बताया कि सराय के निकट स्थित कुत्तों के अस्पताल के मैनेजर विनित ने उससे 6 कमरे बनाने का ठेका दिया। 80 हजार रुपये में सौदा हुआ था। काम पूरा होने पर संजय को 28 हजार रुपये दिए। बकाया रुपये मांगने पर मैनेजर ने अगले हफ्ते देने की बात कहीं। संजय अपने रुपये के लिए तकाजा करता रहा, लेकिन मैनेजर विनित हीलाहवाली करने लगा। संजय का आरोप है कि बुधवार को पत्नी के साथ ससुराल गया था। इस दौरान विनित ने उसे फोन करके बुलाया और कहा कि अस्पताल में कुछ और काम कराना है। संजय के मुताबिक वह पत्नी को अस्पताल के गेट पर खड़ा कर अंदर चला गया। संजय का आरोप है कि यहां पर मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट की। विनित ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगाई। संजय का कहना है कि वह किसी तरह से जान बचाकर बाहर भागा तो आरोपियों ने उसकी पत्नी को पकड़कर कार में खींचने की कोशिश की। शिल्पा नाम की महिला ने उसकी पत्नी का मंगलसूत्र व कानों के टॉप्स भी छीन लिए। इसके बाद संजय ने अपने भाई को इसकी सूचना दी। सूचना पर संजय का भाई 10-15 लोगों के साथ मौके पर पहुंचा तो आरोपी वहां से भाग गए। इस मामले में संजय ने पुलिस को शिकायत दी है। कोतवाल महेश जोशी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।