जंगल सफारी के लिए सैलानियों को लेकर आ रहे सारथी बीच सफर में दगा दे रहे हैं। यही नहीं जिप्सी संचालक पर्यटकों को दूसरे सफारी उपलब्ध कराने में भी हीलाहवाली कर रहे हैं। जिसके कारण पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करने के साथ जंगली जानवरों के हमले का डर भी सताता है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले चीला रेंज में प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठाने के लिए गुजरात के अहमदाबाद का छह सदस्यीय दल जंगल में गया था। शाम के समय दूसरी पाली में यह दल एक जिप्सी में सवार होकर निकला था। जंगल के बीच में जाकर जिप्सी खराब हो गई। इस पर सैैलानियों को बीच जंगल में ही रुकना पड़ा। सैलानियों ने जिप्सी संचालक से दूसरा वाहन उपलब्ध कराने को कहा। पर वह अन्य किसी जिप्सी में उन्हें भेजने की बात कहकर टरकाता रहा। जिससे सैलानियों को काफी देर तक परेशान होना पड़ा। बाद में पर्यटकों ने चीला रेंज के रेंजर अनिल पैन्यूली को अवगत कराया। सूचना मिलने पर तत्काल दूसरी जिप्सी मंगवाकर सैैलानियों को जंगल सफारी कराते हुए वापस लाया गया। तब जाकर सैलानियों ने राहत की सांस ली। रेंजर अनिल पैन्यूली का कहना है कि सभी जिप्सी संचालकों को चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा ऐसा व्यवहार किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।