शहर में पार्किंग स्थल के लिए जमीन तलाशने निकले एसडीएम को सरकारी जमीनों पर कच्चे और पक्के अवैध निर्माण मिले। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम पूरण सिंह राणा पार्किंग सुविधा विकसित करने के लिए शहर में जमीन ढूंढने के लिए निकले थे। उन्होंने भूपतवाला, पुराना आरटीओ चौक, ज्वालापुर में सिंचाई विभाग की खाली पड़ी जमीनों को देखा। इस दौरान सामने आया कि पुराना आरटीओ चौराहा और भूपतवाला में सड़क के दाईं ओर पड़ी 50 से सौ बीघा जमीन के कुछ हिस्से पर अवैध रूप से मकानों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा सड़क के बाईं तरफ भी अतिक्रमण किया जा रहा है। सिंचाई विभाग की इस लापरवाही पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई है। इस पर उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता खंड हरिद्वार को पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया कि हरिलोक कालोनी फेस-1 व फेस-2 और बहादराबाद के खेड़ली में स्थित सिंचाई विभाग की जमीन पर भी अतिक्रमण केे मामले सामने आए हैं। एसडीएम ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि वह अवैध निर्माणों को तत्काल प्रभाव से हटाएं। प्रशासन और पुलिस की आवश्यकता पड़ती है तो वह भी उन्हें उपलब्ध कराई जाएगी। सरकारी जमीन को अतिक्रमण से शीघ्र मुक्त कराया जाए।