शांतिकुंज में प्रभात फेरी निकालते साधक ।
- फोटो : HARIDWAR
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा का बृहस्पतिवार को प्रभात फेरी निकालकर शुभारंभ किया गया। इस दौरान गुरु महिमा गान के साथ उनके आदर्शों को व्यावहारिक जीवन में अपनाने की अपील की गई।
दोपहर कालीन सभा में शेफाली पंड्या ने कहा कि शक्ति संपन्न गुुरु अपने शिष्यों के लौकिक और पारलौकिक क्षमताओं को विकसित करता है। ऐसे ही पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने अपना जीवन समाज की भलाई और सांस्कृतिक व चारित्रिक उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने आधुनिक और प्राचीन विज्ञान व धर्म का समन्वय करके आध्यात्मिक नवचेतना को जगाने का कार्य किया। सुधा महाजन और अनामिका दुबे ने भी गुुरु की महिमा का गान करते हुए पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा के विभिन्न संस्मरणों को याद किया। वहीं, लोकरंजन से लोकमंगल एवं लोकशिक्षण कार्यक्रम के तहत सांस्कृतिक संध्या के दौरान ईश्वरचंद्र विद्यासागर की उदारता, एक जमींदार की सेवा, समाज सुधारकों का नि:स्वार्थ सेवा भाव आदि की प्रेरणाप्रद प्रस्तुति हुई। एक अन्य कार्यक्रम में कुरीति और भ्रष्टाचार पर कुठाराघात किया गया। सभी कार्यक्रम ऑनलाइन हुए।