कनखल क्षेत्र में पेयजल की नई पाइप लाइन डालते समय गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइप लाइन से गैस लीकेज होने से हड़कंप मच गया।
जल संस्थान की ओर से शहर के कई इलाकों में पेयजल की नई पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। रविवार को कनखल के शिवपुरी में पानी की नई पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा था। इस इलाके में भूमिगत गैस पाइप लाइन होने के कारण जल संस्थान की ओर से खुदाई का कार्य मशीनों की बजाय श्रमिकों से कराया जा रहा है। खुुदाई के दौरान गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
इससे गैस लीकेज होने से लोगों में हड़कंप मच गया। खुदाई कर रहे मजदूरों ने लीकेज वाले स्थान पर मिट्टी डालकर उसे बंद कर दिया। साथ ही सूचना गेल के अधिकारियों को दी। गेल के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लाइन को ठीक किया। जल संस्थान के जेई आशीष ने बताया कि गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से कोई नुकसान नहीं पहुंचा। उसे ठीक कर पेयजल लाइन डालने का कार्य शुरू कर दिया गया है।