हाथियों के जंगल से निकलकर आबादी क्षेत्र में आकर उत्पात मचाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक हाथी आधी रात के बाद जंगल से निकलकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया और आधा घंटा तक टहलता रहा। इससे आसपास रहने वाले लोगों में अफरा तफरी मच गई। गनीमत बस यह रही कि उस समय किसी ट्रेन का आने का समय नहीं था। राजाजी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने हाथी को जंगल की तरफ खदेड़ा।
मंगलवार की रात में करीब ढाई बजे एक हाथी राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज के मुख्यालय के पास हिलबाइपास के निकट स्थित हनुमान मंदिर के सामने सड़क पार कर रेलवे ट्रैक पर आ गया। रेलवे ट्रैक पर हाथी को देख लोगों में हड़कंप मच गया। हाथी को रेलवे ट्रैक पर टहलते देख आसपास रहने वाले लोगों ने वन विभाग और राजाजी टाइगर रिजर्व के अधिकारियों को जानकारी दी। राजाजी टाइगर रिजर्व के रेंजर विजय कुमार सैनी ने बताया कि हाथी ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। हाथी को रोकने के लिए क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई है।
रातभर कनखल में आने को बेताब रहा हाथियों का झुंड
बुधवार की रात में करीब नौ बजे हाथियों का एक झुंड कनखल की आबादी क्षेत्र में आने के लिए गंगा के पास पहुंच गया था। सूचना मिलते ही रेंजर दिनेश प्रसाद नौड़ियाल अपने कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने टीम के साथ हाथियों को रोकने के लिए आग जलाई और धुआं कराया। साथ ही हवाई फायर भी करते रहे। उन्होंने बताया कि हाथियों का झुंड आधी रात तक गंगा के पास ही टहलता रहा। उन्होंने बताया कि तड़के हाथी जंगल की तरफ चले गए।