हरिद्वार। आम लोक पार्टी यूनाइटेड के सोशल मीडिया इंचार्ज के खिलाफ डेढ़ लाख रुपये ठगी का मुकदमा दर्ज हुआ है। मुकदमा पोर्टल संचालक की ओर से दर्ज किया गया है। मीडिया प्रभारी ने पोर्टल संचालक को पार्टी के विज्ञापन का एग्रीमेंट करवाने का झांसा दिया था।
ज्वालापुर कोतवाल चंद्र चंद्राकर नैथानी के मुुताबिक मोहल्ला कड़च्छ निवासी प्रमोद कुमार पोर्टल चलाते हैं। प्रमोद ने बताया कि दिसंबर 2020 में उसके फोन पर बरेली निवासी सगीर अहमद का कॉल आया। सगीर ने कहा कि वह आम लोक पार्टी यूनाइटेड का सोशल मीडिया इंचार्ज है। न्यूज पोर्टल पर पार्टी की विज्ञापन एवं खबरें देनी हैं। जिसके बाद विपक्षी ने टेंडर देने के लिए कहा। इसके साथ ही फाइल प्रक्रिया शुरू कराने के नाम पर 1500 रुपये एक्सिस बैंक लुधियाना मे ट्रांसफर करने के लिए कहा। जिसके बाद प्रमोद ने रुपये खाते में डाल दिए।
प्रमोद का आरोप है कि लुधियाना निवासी देवेंद्र सिंह ने भी उससे बात की और झांसा देकर उससे 22 दिसंबर 2020 से 12 फरवरी 2021 तक एक लाख पचास हजार रुपये की ठगी की। प्रमोद ने जब टेंडर की फाइल प्रक्रिया शुरू करने की बात की तो आरोपी उस पर भड़क गए और धमकी देने लगे। जिसके बाद प्रमोद ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाल चंद्र चंद्राकर नैथानी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।