अग्निपथ के विरोध में धर्मनगरी में पहुंचे देशभर के किसान शनिवार को पैदल मार्च निकालेंगे। यह पैदल मार्च लालकोठी से लेकर रोड़ीबेलवाला मैदान तक जाएगा। यही नहीं अग्निपथ योजना समेत किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए 30 जून को देशभर में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में यह निर्णय लेकर एलान किया गया।
धर्मनगरी में चल रहे भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के तीन दिवसीय किसान महाकुंभ (चिंतन शिविर) के दूसरे दिन यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के नेतृत्व में निर्णय लिया गया कि सुबह नौ बजे से लालकोठी से रोड़ीबेलवाला मैदान तक पैदल मार्च किया जाएगा। किसान महाकुंभ के समापन पर होने होने वाली किसान महापंचायत में 21 सूत्री मांगपत्र तैयार कर जिला प्रशासन के अधिकारियों के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। इसके बाद जिला मुख्यालय पर 30 जून को प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों की मांग प्रदर्शन के दौरान नहीं मानी जाएंगी तो यह अनिश्चितकालीन भी रह सकता है।