कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग मित्र समिति की बैठक लेते जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय।
- फोटो : HARIDWAR
जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को उद्योग मित्र समिति की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों ने क्षेत्र में पानी, बिजली, सड़कों और उद्योगों से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। उद्यमियों ने उद्योगों के मानचित्र स्वीकृति की अधिकारिता सीडा को देने और सिडकुल में नए उद्योगों की स्थापना के लिए नया औद्योगिक आस्थान क्षेत्र विकसित करने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में उद्योग महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता ने रायपुर लकेशरी औद्योगिक क्षेत्र की पानी की निकासी की जानकारी दी। कहा कि अधिशासी अभियंता रुड़की ने लकेश्वर में इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के साथ बैठक एवं निरीक्षण कर प्रस्ताव शासन को भेजा है। शिवगंगा औद्योगिक आस्थान लकेशरी भगवानपुर में औद्योगिक आस्थान के प्रमोटर की ओर से अवस्थापना सुविधाओं के विकास एवं रखरखाव का कार्य पूर्ण नहीं होने पर चर्चा की गई। प्रमोटर्स शिवगंगा इंडस्ट्रियल इस्टेट भगवानपुर ने कहा कि भगवानपुर एसोसिएट से वार्ता करके लगभग दो माह में कार्य पूर्ण हो जाएगा।
जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे अथारिटी के अधिकारियों से ग्राम रायपुर में ग्राम चैली तक नाले के निर्माण की जानकारी ली। डीएम ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों से कहा कि नाला एवं सर्विस रोड बनाएं। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने कहा कि औद्योगिक आस्थान रामनगर एवं सलेमपुर राजपुताना रुड़की की सड़कों का अध्ययन कर ड्रेनेज प्लान तैयार किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि हरिद्वार औद्योगिक क्षेत्र के अंदर संपर्क मार्ग साईं मंदिर से पोद्दार फार्मा तक सड़क बनाने का प्रस्ताव भेजा है। हिल बाईपास से लेकर टाटा शोरूम तक सड़क निर्माण पीडब्ल्यूडी को करना है। बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में ओवरहेड टैंक एवं पाइप लाइन डलवाने के लिए जल निगम एवं जल संस्थान इसकी संयुक्त डीपीआर भेजी जाएगी। बैठक में सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार, सीटीओ नीतू भंडारी, एसडीएम भगवानपुर बृजेश कुमार तिवारी, एएसडीएम विजय नाथ शुक्ल, चेयरमैन सिडकुल एसोसिएशन हरेंद्र गर्ग, एएसओ डॉ. अजीत सिंह, प्रोजेक्ट इंजीनियर डॉ. मीनाक्षी मित्तल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
दिसंबर से शुरू होगा सड़कों का कार्य
हरिद्वार। जिलाधिकारी ने सिडकुल की सड़कों की जानकारी ली। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कहा कि दिसंबर में कार्य शुरू हो जाएगा। साइनेज लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है। जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्रों में वेंडिंग जोन विकसित करने पर भी जोर दिया।