गढ़वाल मंडलायुक्त सुशील कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक करके विधानसभा चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। मंडलायुक्त ने कहा कि पांच से अधिक पोलिंग बूथ वाले मतदान केंद्रों पर कोविड को देखते हुए विशेष योजना बनाई जाए।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मंडलायुक्त ने निर्वाचन तैयारियों, कानून और शांति व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। जिलाधिकारी ने कहा कि करीब 16 हजार से अधिक कर्मचारी और अधिकारी चुनाव ड्यूटी पर लगाए जाएंगे। मंडलायुक्त ने कहा कि कर्मचारी और अधिकारी रिजर्व में भी होने चाहिए। इसकी योजना तैयार की जाए। डीएम ने कहा कि 27 नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। कंट्रोल रूम संचालित हो रहा है। कोविड-19 की वजह से बॉयोमेडिल वेस्ट के निस्तारण की पूरी व्यवस्था कर ली गई है।
जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय ने कहा कि जिले में 11 विधानसभाएं हैं। उत्तरप्रदेश के कई जिलों से सीमाएं सटी हैं। यूपी के जिलों के साथ हरिद्वार जिले के अधिकारियों की समन्वय बैठकें हो रही हैं। सूचनाओं का आदान-प्रदान हो रहा है। मंडलायुक्त सुशील कुमार ने कहा कि कोविड के साये में चुनाव है। मतदेय स्थलों में प्रवेश और निकास की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। मास्क, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाना चाहिए। मतदेय स्थलों में पानी, बिजली, मेडिकल किट और दिव्यांगों के लिए रैम्प सुविधा सुनिश्चित कराएं। चिह्नित महिला बूथों में कैंटीन सहित हर प्रकार की सुविधा देना सुनिश्चित कराएं।
डीआईजी करन सिंह नगन्याल ने कहा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिह्नित किया जाए। सख्ती से नियमों का पालन कराया जाए। डीआईजी ने एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने जमा होने वाले शस्त्र लाइसेंस की संख्या, सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया, अवैध शराब की तस्करी रोकने, पुलिस कार्मिकों को प्रीकॉशन डोज लगाने, पुलिस फोर्स की व्यवस्था, बॉर्डर पर चौकसी, संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च की विस्तृत जानकारी ली।
डोर-टू-डोर कैंपेन में होंगे सिर्फ पांच लोग
मंडलायुक्त ने मतगणना स्थल की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि मतगणना स्थल निर्धारित कर लिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड ने स्थलीय निरीक्षण भी कर लिया है। हेलीपैड, ओपन ग्राउंड, हॉल आदि चिह्नित कर लिए हैं। मंडलायुक्त ने कहा कि आपदा प्रबंधन की गाइडलाइन को देखते हुए बिना मंजूरी कोई भी रैली नहीं होगी। नामांकन के समय केवल दो वाहन इस्तेमाल करने की इजाजत होगी। डोर-टू-डोर कैंपेन में पांच लोगों से अधिक नहीं होने चाहिए।
मंडलायुक्त ने किया कंट्रोल रूम और केंद्र का निरीक्षण
मंडलायुक्त सुशील कुमार ने समीक्षा बैठक के बाद कलक्ट्रेट में स्थापित कंट्रोल रूम, एमसीएमसी एवं मतदान केंद्र चिन्मय डिग्री कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को आचार संहिता की जानकारी दी जाए। निर्वाचन आयोग एवं आपदा प्रबंधन की गाइड लाइन का पालन कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने पर चुनाव की प्रक्रिया से बाहर कर किया जाए।
बैठक में यह रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) वीर सिंह बुदियाल, सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. कुमार खगेंद्र, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, एडिशनल एसपी विपिन कुमार, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, एसपी ट्रैफिक मनोज कुमार कत्याल, डॉ. नरेश चौधरी, सहायक निर्वाचन अधिकारी हरीश रावत, एआरओ एएस बिष्ट, सहायक नोडल अधिकारी (ईवीएम) इंद्र सिंह चौहान, सहायक नोडल अधिकारी सुरेश तोमर, एसई लोक निर्माण एसके गर्ग, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैंतुरा, पर्यटन अधिकारी सुरेश सिंह यादव, अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी सुभाष शाक्य, तहसीलदार शालिनी मौर्य, प्रशासनिक अधिकारी उदय वीर सिंह, एआरटीओ रश्मि पंत, सत्नाकर सिंह, डीएसटीओ नलिनी ध्यानी मौजूद रहे।