भल्ला स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेते हुए ।
- फोटो : HARIDWAR
भल्ला स्टेडियम में देवभूमि मास्टर्स एथलेटिक्स एंड स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एसोसिएशन की ओर से शुरू हुई प्रदेश स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता के पहले दिन बुजुुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। डिस्कस थ्रो में भाग लेने पहुंचे 93 वर्षीय दर्शन सिंह का जोश देखकर युवा भी दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो गए। इनकी प्रतियोगिता रविवार सुबह होगी।
दौड़ प्रतियोगिता में देहरादून से आए बुजुर्ग दंपति इंद्र कुमार और सरिता में प्रतियोगिता को लेकर उत्साह दिखा। इंद्र कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद डॉक्टरों ने उन्हें ज्यादा नहीं चलने की सलाह दी थी लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। 72 वर्षीय जसवंत सिंह नेगी ने बताया कि बेटे से जानकारी मिलने के बाद वह प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए आए हैं। इस दौरान अलग-अलग वर्गों में हुई मैराथन में 62 वर्षीय गोविंद राणा और 65 वर्षीय महाबीर ने पहला स्थान प्राप्त किया। पांच हजार मीटर 35 से 40 वर्ष आयु वर्ग में दौड़ में हरीश सिंह प्रथम, रविंद्र सिंह द्वितीय और राजकुमार तृतीय स्थान पर रहे। 40 से 45 आयु वर्ग में राजेंद्र प्रसाद जोशी पहले, सुमित शाह दूसरे स्थान पर रहे।
45 से 50 आयु वर्ग में सोहन वीर सिंह प्रथम, लक्ष्मण लामा दूसरे और अनिल यादव तीसरे स्थान पर रहे। 60 से 65 वर्ष आयु वर्ग में देहरादून से आए 63 वर्षीय जितेंद्र गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर देहरादून निवासी 62 वर्षीय गोविंद कुमार राणा और 64 वर्षीय डॉ. डीएस नेगी तीसरे स्थान पर रहे। वहीं डिस्कस थ्रो में 60 से 65 वर्ष की आयु वर्ग में महाबीर सिंह रावत प्रथम, बागंबर सिंह दूसरे और जेपी जुयाल तीसरे स्थान पर रहे। एसोसिएशन के महासचिव ने बताया कि विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया जा रहा है।