हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में ढाबे पर खाना खाने पहुंचे ग्राहक पर ढाबा मालिक के कहने पर हमला करने के मामले में पुलिस ने कर्मचारी व ढाबा स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, सूरज सिंह पुत्र जगमोहन सिंह रावत निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर ने शिकायत दी। बताया कि वह पिछले महीने शिवालिक नगर स्थित ढाबे में खाना खाने के लिए पहुंचा। जहां पहले से ही ढाबा मालिक व दूसरे पक्षों के बीच मारपीट हो रही थी। ढाबा मालिक के उकसाने पर कारीगर ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। उसके दोस्तों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
अब हालत में सुधार होने के बाद रविवार को रानीपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि ढाबा मालिक और उसके कारीगर से उसे जान का खतरा है। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।