घर से सामान लेने के लिए गए साइकिल सवार 12 वर्षीय बालक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। उपचार के दौरान बालक की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
सिडकुल थाना प्रभारी प्रमोद उनियाल के मुुताबिक थाना क्षेत्र के रोशनपुरी रावली महदूद निवासी अनिल ने शिकायत देकर बताया कि नौ अक्तूबर की सुबह दस बजे उनका 12 वर्षीय बेटा आर्यन सामान लेने के लिए घर से साइकिल से गया था। अनिल का कहना है कि गुब्बारा फैक्टरी के पास शिव गंगा मोटर की दुकान के सामने बैरियर नंबर 6 के पास ट्रैक्टर चालक राकेश निवासी रावली महदूद ने अपने ट्रैक्टर को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए उसके बेटे की साइकिल में टक्कर मारकर घायल कर दिया। गंभीर हालत में आर्यन को उपचार के लिए भूमानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अनिल का कहना है कि राकेश के साथ ट्रैक्टर मालिक जगमोहन निवासी रावली महदूद भी बैठा था। जो पहले से उसके परिवार से रंजिश रखता है। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।