हरिद्वार। शौर्य दिवस मनाने की कोशिश कर रहे हिंदू संगठन के दो नेता को रविवार शाम पुलिस ने हिरासत में ले लिया। देर शाम तक भी पुलिस ने नेताओं को छोड़ा नहीं था।
बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी को शौर्य दिवस के तौर पर हिंदू संगठन मनाते है। लेकिन त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने पर जिले में धारा 144 लागू है। रविवार को हिंदू संगठन के पदाधिकारी न्यू हरिद्वार कालोनी में बने हनुमान मंदिर कैंपस में एकत्र होने लगे थे। सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हिंदू संगठनों के नेताओं को समझाना चाहा। उनका मकसद आतिशबाजी कर महाआरती करने था। लेकिन पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद के विभाग संयोजक अनुज वालिया और बजरंग दल के जिला संयोजक सौरभ चौहान को हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें सीधा रानीपुर कोतवाली ले गई। लेकिन हिंदू संगठनों के नेताओं के रानीपुर कोतवाली के इर्द गिर्द एकत्र होने की जानकारी मिलने पर आनन फानन में एसओजी कार्यालय में शिफ्ट कर दिया गया। देर शाम तक भी वह पुलिस की ही अभिरक्षा में थे। नगर पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि हिंदू संगठनो के नेताओं को छोड़ दिया जाएगा।