हरिद्वार। एसओजी और रानीपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यूपी के दो वाहन चोर दबोचे। बदमाशों की निशानदेही पर आठ मोटरसाइकिल बरामद की है। गैंग का एक साथी अभी हाथ नहीं आ सका है। ये सभी मोटरसाइकिल रानीपुर एवं सिडकुल क्षेत्र से ही चोरी की गई थी।
कोतवाली रानीपुर में नगर पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गैस प्लांट चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार रहे दो युवक पकड़ लिए। मोटरसाइकिल के कागजात न दिखा पाने के कारण युवकों को चौकी लाकर जब पूछताछ की गई। एसपी सिटी के अनुसार युवकों ने रानीपुर एवं सिडकुल क्षेत्र से दस मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। बताया कि एक मोटरसाइकिल को वो शामली में बेचने जा रहे थे लेकिन पुलिस चेकिंग के चलते विजय हाल, शामली के पास छोड़नी पड़ी। यह मोटरसाइकिल शामली कोतवाली में है। एसपी सिटी ने बताया कि युवकों की निशानदेही पर गांव रावली महदूद में उनके किराये के मकान व क्षेत्र के एक खंडहर से आठ मोटरसाइकिल बरामद की गई। युवकों ने अपने नाम विनीत पुत्र स्वराज एवं अर्जुन पुत्र दिनेश निवासीगण गांव डिडाली थाना झिझांना जिला शामली बताया। चोरी में इनका एक तीसरा साथी अंकित पुत्र ऋषिपाल निवासी गांव नौनागढ़ी थाना झिझांना भी शामिल है, उसकी तलाश कर रहे है। बताया कि गैंग सरगना दिनेश यहां सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत था। इस मौके पर कोतवाली प्रभारी योगेंद्र सिंह, एसएसआई कुंदन सिंह राणा, एसओजी प्रभारी नरेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।
----------
मकान मालिक पर ठोका जुर्माना
हरिद्वार। बिना सत्यापन के किरायेदार रखने पर पुलिस की कार्रवाई की जद में गांव रावली महदूद के दो ग्रामीण आए है। एसएसआई कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मकान मालिक दीपक एवं नीटू पाल पर पुलिस एक्ट के तहत दस दस हजार का जुर्माना लगाया गया है।