एक युवक ने डीलर पर अपनी आईडी पर फर्जी सिम लेने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि उसने डीलर को नंबर पोर्ट करने के लिए आईडी दी थी। मामले में एसएसपी को शिकायती पत्र भेजा गया है।
चुड़ियाला निवासी मोहित त्यागी का आरोप है कि पिछले दिनों उसने एक डीलर को अपना नंबर पोर्ट कराने के लिए पहचान पत्र और फोटो दिया था। आरोप है कि पहले तो डीलर आजकल करके नंबर पोर्ट करने के लिए टरकाता रहा, जब डीलर ने कई दिन बाद भी नंबर पोर्ट नहीं किया तो उसने अपना पहचान पत्र और फोटो वापस मांगा।
जब उसने फोटो और पहचान पत्र देखा तो वह बदले हुए थे, जिस रंग का फोटो उसने दिया था उससे दूसरे रंग का फोटो मिला और पहचान पत्र की फोटो कापी भी अलग तरह की मिली। मोहित त्यागी का आरोप है कि डीलर ने उसकी आईडी से फर्जी सिम लिया है। जिससे उसके नाम से सिम लेकर डीलर उनका गलत इस्तेमाल कर सकता है।
पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर मामले में डीलर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।