ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। तीन दिन से लापता किशोरी को ज्वालापुर पुलिस ने बरामद कर लिया है। साथ ही अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। सोमवार को किशोरी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी है।
क्षेत्र की रामनगर कालोनी से एक किशोरी लापता हो गई थी। किशोरी के पिता ने शुभम चौधरी पुत्र सुभाष चौधरी पर बहला फुसलाकर बेटी को साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। रविवार को स्थानीय पुलिस ने धीरवाली क्षेत्र से किशोरी को बरामद करते हुए आरोपी शुभम चौधरी का भी गिरफ्तार किया। एसएसआई विकास भारद्वाज ने बताया कि किशोरी 12वीं की छात्रा है, जिसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। बताया कि आरोपी युवक को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। किशोरी के बयान कोर्ट में कराए जाएंगे। इधर, किशोरी के परिजन समेत क्षेत्रवासियों ने कनखल थाने पहुंचकर एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूड़ी से भी मुलाकात कर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग उठाई।