ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
कनखल और सीआईयू की संयुक्त टीम के हत्थे चेन स्नेचर्स गैंग चढ़ा है। वेस्ट यूपी के शामली जिले से ताल्लुक रखने वाले चेन स्नेचर गैंग ने जिलेभर में चेन स्नेचिंग की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। गैंग के कब्जे से पांच सोने की चेन बरामद हुई हैं। फरार चल रहे गैंग के एक सदस्य की धरपकड़ में पुलिस टीम जुटी हुई है।
कोतवाली ज्वालापुर परिसर में एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूड़ी ने पत्रकारों को बताया कि रविवार को गंगनहर और बहादराबाद क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की दो घटनाएं होने के बाद जिलेभर में पुलिस को अलर्ट किया गया। सोमवार को कनखल के मातृसदन मार्ग पर कनखल पुलिस और सीआईयू की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिल सवार चार युवकों को रोकना चाहा लेकिन वे फरार होने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए तीन युवकों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से पांच सोने की चेन, एक देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के नाम जयराम उर्फ उदय पुत्र रतिराम, जीवन पुत्र जागेंद्र एवं सोनू पुत्र अमर सिंह है। ये सब गांव सिगराखेड़ी, गांव जलान थाना झिझांना जिला शामली यूपी के हैं। उन्होंने बताया कि इनका एक साथी अशोक पुत्र जयपाल अभी फरार चल रहा है। उन्होंने बताया कि चेन स्नेचरों ने गंगनहर, कनखल, ज्वालापुर, रानीपुर और बहादराबाद में चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस अवसर पर एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, एएसपी आयुष अग्रवाल, सीओ विजेंद्र डोभाल, एसओ कनखल हरिओमराज चौहान, कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल, एसएसआई विकास भारद्वाज, सीआईयू प्रभारी राजीव चौहान, एसआई ओमकांत भूषण मौजूद रहे।