धनौरी।
नई नवेली दुल्हन शादी की रात को ही अपने पति को कमरे में सोते हुए छोड़कर नगदी तथा जेवर लेकर फरार हो गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नवविवाहिता और दो अन्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
धनौरी निवासी अशोक कुमार पुत्र छत्रपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कोटद्वार निवासी महेंद्र पुत्र कृपाल ने अपनी पुत्री पूजा उर्फ रीता की शादी दो मई को उसके साथ विधि विधान के अनुरूप की थी। युवती के पिता और ज्वालापुर निवासी मुकेश ने शादी कराने की एवज में उससे पचास हजार नगद तथा चालीस हजार के जेवरात लिए थे।
दो मई को शादी के बाद वह दुल्हन को लेकर अपने घर धनौरी गांव आ गया। रात में जब घर के सभी सदस्य सो गए, तब नई नवेली दुल्हन हजारों रुपये कीमत के जेवरात लेकर ससुराल से फरार हो गई। सुबह नींद खुलने पर उन्हें पता चला कि दुल्हन घर में नही है। उसने अपने परिजनों के साथ उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई भी पता नहीं चला। धनौरी चौकी प्रभारी रणजीत सिंह तोमर ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित युवक की तहरीर पर युवती सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
46 वाहनों का चालान
श्यामपुर। थाना श्यामपुर पुलिस ने हरिद्वार- नजीबाबाद राजमार्ग पर खनन सामग्री ले जा रहे वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ओवरलोडिंग में 46 वाहनों का चालान करते हुए 23000 रुपये वसूले गए। थानाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।
------------
-----------