ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। आईपीएल क्रिकेट मैच पर लग रहे ऑनलाइन सट्टे के संबंध में हरिद्वार पुलिस को नई जानकारी मिली है। ज्वालापुर के कुछ चेहरे स्थानीय स्तर पर इस मलाईदार धंधे की रीढ बने हुए हैं। यह खुलासा पुलिस के हत्थे चढ़े हरियाणा के सटोरियों ने किया है, उनके नेटवर्क में ज्वालापुर के चेहरे शामिल हैं। हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे का भंड़ाफोड़ करते हुए हरियाणा के पांच बुकी दबोचे थे।
पुलिस ने जब पड़ताल शुरू की तो पता चला कि शहर भर में संपन्न घराने से ताल्लुक रखने वाले लोग इस धंधे से जुड़े हैं। पुलिस के हत्थे चढ़े सटोरियों ने कबूला है कि ज्वालापुर क्षेत्र में एक व्यापारी उनके साथ लंबे समय से जुड़ा है। स्थानीय स्तर पर वह ही उनके नेटवर्क का अभिन्न अंग है। पुलिस अब लोकल नेटवर्क की धरपकड़ में जुट गई है। ज्वालापुर कोतवाली से कुछ कदम की दूरी पर सटोरिये की दुकान हैं। हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने सीआईयू की मदद से सटोरिये की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया है। इसके अलावा कई अन्य चेहरे भी इस धंधे से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिनकी पृष्ठभूमि बांचने में स्थानीय पुलिस जुट गई है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि व्यापारी के संबंध में जानकारी मिली है। पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है।