हरिद्वार। तंबाकू की पुड़िया का अधिक दाम वसूलने का विरोध करने पर राजस्थान के यात्री के साथ मारपीट कर दी गई। बीच-बचाव में आई महिला को भी नहीं बख्शा। यात्री के समर्थन में पहुंच पुरोहितों के सक्रिय होने पर हरकत में आई रोड़ीबेलवाला पुलिस ने मारपीट करने दुकानदार, उसके समर्थकों को हिरासत में ले लिया है।
राजस्थान के गांव जायल जिला नागौर के रहने वाले हनुमान जावड़ा अपनी दादी की अस्थ्यिां गंगा में प्रवाहित करने पहुंचे थे। पंतद्वीप पार्किंग में उन्होंने दुकानदार परशुराम की दुकान से एक तंबाकू की पुड़िया ले ली। आरोप है कि दुकानदार ने 12 रुपये अदा करने को कहा जबकि पुड़िया का दाम दस रुपये था। दो रुपये अधिक लेने का विरोध करने पर यात्री की दुकानदार से तू-तू मैं-मैं हो गई। आरोप है कि दुकानदार ने अपने साथी मदन, विनोद के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। बीच बचाव में आई उसकी चाची भंवरी देवी की भी पिटाई कर दी। यात्री परिवार ने मारपीट की सूचना अपने पुरोहित उज्ज्वल पंडित को दी। पुरोहितों के साथ पहुंचे युवा तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने रोड़ीबेलवाला चौकी पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। चौकी प्रभारी अभिनव शर्मा ने मारपीट करने वाले दुकानदार और उसके समर्थकों को हिरासत में ले लिया। पीड़ित यात्री ने इस संबंध में तहरीर दी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।