अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
बेटे से मिलने पटियाला (पंजाब) गए सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त अभियंता के घर से लाखों के सोने- चांदी के जेवरात, पचास हजार की नगदी एवं कीमती घड़ियां चोरी हो गई। घटना शिवालिक नगर के एस कलस्टर की है।
सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त श्रीपाल गुप्ता अपनी पत्नी के साथ पंजाब के पटियाला में रहने वाले बेटे के घर गए थे। उन्हें पड़ोसियों ने सूचना दी कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। इस पर उन्होंने अपने बहनोई एसके गोयल को घर पर भेजा। देखा कि सारे ताले किसी कटर से काटे गए थे और आलमारी का ताला भी तोड़ा गया था। घटना की सूचना मिलने पर रानीपुर पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीड़ित ने बताया कि करीब पचास हजार की रकम, छह तोले सोने के जेवरात, चांदी के बर्तन- जेवरात एवं चार कीमती घड़ियां गायब हैं। पुलिस का फोकस सीसीटीवी कैमरों पर है। एसएसआई दिलमोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि चोरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पीड़ित के पड़ोसी वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव शर्मा ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े किए। उन्होंने बताया कि उच्चाधिकारियों से मिलकर पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी करने की मांग की जाएगी।