ब्यूरो/अमर उजाला, बहादराबाद। सिडकुल क्षेत्र में पांच साल की बच्ची के साथ नौंवी के छात्र ने दुष्कर्म कर दिया। मासूम के पिता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी किशोर पर पोक्सो की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है। आरोपी को किशोर न्यायालय में पेश करने की तैयारी है।
शनिवार शाम सिटी पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि एक बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है। सूचना के बाद एसआई दिलबर सिंह कंडारी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि पांच साल की मासूम शुक्रवार को खेलते खेलते पड़ोसी के घर चली गई थी। आरोप है कि पड़ोसी के नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। देर रात घर पहुंचने पर मासूम कराहने लगी तो परिजन कुछ समझ नहीं पाए। सुबह होने पर परिजन के पूछने पर बच्ची ने बताया कि वह पड़ोसी के घर गई थी। बच्ची की बातों से परिजनों को किसी अनहोनी का शक हुआ तो उन्होंने छात्र से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी छात्र ने घटना कबूल ली। एसआई दिलबर सिंह कंडारी ने बताया कि आरोपित छात्र को हिरासत में ले लिया गया है। पीड़ित बालिका का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। वहीं नाबालिग पर पोक्सो की धाराओं में केस दर्ज कर उसे किशोर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।