अमर उजाला ब्यूरो
पथरी।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान चरस व स्मैक की तस्करी करने वाले चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। दबोचे गए आरोपी तस्करों के पास से भारी मात्रा में चरस बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तस्कर छात्रों को चरस की आपूर्ति करते थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।
घटनाक्रम के मुताबिक सीओ लक्सर चंदन सिंह विष्ट मंगलवार रात पथरी से सुभाषगढ़ जाने वाले मार्ग पर रेलवे फाटक के पास चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक कार को रुकने का इशारा किया तो वे कार लेकर भाग निकले। तब पुलिस ने घेराबंरी कर उन्हें पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।
सीओ चंदन सिंह विष्ट ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में इसरार निवासी गाडोवाली, शिवम निवासी ज्वालापुर, शहजाद निवासी घोसियान ज्वालापुर व अब्दुल कलाम निवासी ज्वालापुर शामिल हैं। सीओ के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि वे छात्रों को स्मैक व चरस की आपूर्ति करते हैं। सीओ ने बताया कि आरोपी इसरार पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। जबकि बाकी तीन आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे मेें जानकारियां जुटाई जा रही हैं। आरोपी तस्करों को दबोचने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दीपक कठैत के अलावा एसआई प्रकाशचंद, अरविंद रतूड़ी, प्रमोद, बिशन, विनोद, मदन, रवि पंत, नरेंद्र, दौलत आदि शामिल थे।