हरिद्वार।
ज्वालापुर की नया हरिद्वार कालोनी में सेवानिवृत्त भेलकर्मी लाहौरी लाल लूथरा और उनकी पत्नी को तमंचे के बल पर आतंकित कर घर में घुसे चार बदमाश नकदी, जेवर और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। बेटे की हत्या की धमकी देने की वजह से कई घंटों तक घर में डरे सहमे रहे बुजुर्ग दंपति ने शाम को अपने बेटे को आपबीती बताई। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पॉश कालोनी में हुई लूट की वारदात से पुलिस के होश उड़े हुए हैं। देर शाम तक पूरे क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में पुलिस जुटी हुई थी।
वारदात रविवार करीब साढ़े तीन बजे हुई। भेल से सेवानिवृत्त लाहौरी लाल लूथरा के घर पहुंचे एक युवक ने बताया कि वह आरओ कंपनी से आया है। उनके आरओ की सर्विस के संबंध में जांच करनी है। उन्होंने युवक को घर के अंदर बुला लिया। इसी दौरान पीछे-पीछे एक-एक कर तीन युवक अंदर घुस गए। बुजुर्ग दंपति जब तक कुछ समझ पाता तब तक एक युवक ने दंपति को असलहे के बल पर बंधक बना लिया। घर के अंदर रखे 12 हजार रुपये, एक अंगूठी एवं बुजुर्ग का मोबाइल फोन लूटकर बदमाश फरार हो गए।
बदमाश धमकी दे गए कि यदि पांच बजे से पहले घर से बाहर निकले तो ज्वालापुर में सर्राफा की दुकान चलाने वाले उसके बेटे राजेश की हत्या कर दी जाएगी। बेटे की हत्या की धमकी मिलने पर दंपति चुपचाप डरा सहमा घर के अंदर बैठे रहे। शाम होने पर हिम्मत जुटाकर दंपति ने पड़ोसियों को घटना की सूचना दी और एक किसी व्यक्ति के मोबाइल फोन से संपर्क साधकर अपने बेटे को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बुजुर्ग दंपति से बदमाशों के हुलिए के संबंध में जानकारी ली। पूरे क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि बदमाश चार की संख्या में थे, उनकी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।