हरिद्वार। कनखल क्षेत्र के एक होटल में हरिकृपा फिलिंग स्टेशन के मालिक गौरव बहल उर्फ गोल्डी के बेटे के जन्मदिन की पार्टी में जबरन घुस आए हथियारबंद बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। परिजनों और दोस्तों से मारपीट कर धारदार हथियार और रिवाल्वर लहराई। देर रात करीब चार घंटे तक चले हंगामे के बाद कनखल पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर चार हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जबकि कई फरार हो गए। हाईप्रोफाइल प्रकरण होने के चलते एसएसपी कृष्ण कुमार वीके खुद देर रात तक थाने में डटे रहे।
सिंहद्वार चौक के पास लक्ष्य होटल में विष्णु गार्डन निवासी पेट्रोल पंप स्वामी गौरव बहल के बेटे के जन्मदिन की पार्टी थी। देर रात करीब ग्यारह बजे के बाद अचानक कई युवक जबरन पार्टी में घुस आए। पेट्रोल पंप स्वामी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर जब युवकों को रोकना चाहा तब तलवार और रिवाल्वर लहराते हुए युवकों ने गाली गलौच करते हुए मारपीट कर दी। जन्मदिन पार्टी में आई महिलाओं में चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। इधर, घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी कृष्ण कुमार वीके भी खुद कनखल थाने पहुंच गए। देर रात तक प्रकरण को सुलझाने के प्रयास होते रहे लेकिन पेट्रोल पंप स्वामी ने मुकदमा दर्ज करा दिया। थानाध्यक्ष ओमकांत भूषण ने बताया कि आरोपी हर्ष शर्मा पुत्र प्रमोद शर्मा निवासी सतीघाट कनखल, आकाश दत्त पुत्र विनोद निवासी ऋषिकुल देवपुरा, हिमांशु चंचल पुत्र दयाराम चंचल निवासी गणेशपुरम कनखल और रॉबिन शर्मा पुत्र सतीश शर्मा निवासी विवेक विहार को गिरफ्तार कर लिया। बजरंग दल के नेता नवीन तेश्वर, हनी शर्मा, मिंटी शर्मा की तलाश जारी है। एसओ ने बताया कि हर्ष एवं मिंटी शर्मा का खुद का बुल्स एवं लाइफ लाइन के नाम से जिम है। आकाश जिम ट्रेनर है। हिमांशु चंचल के पिता कुमाऊं में न्यायिक अधिकारी के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि धारदार हथियार बरामद हुए हैं और हर्ष शर्मा की लाइसेंसी रिवाल्वर को जब्त कर लिया है। लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी जा रही है।
--------------
दारोगा से उलझा युवक
हरिद्वार। देर रात जब कनखल थाने में दोनों पक्ष जमा थे तभी अचानक पहुंचा एक आरोपी हिमांशु चंचल का भाई दीपकांत एसआई लाल सिंह से उलझ गया। युवक ने जमकर हंगामा काटा। पुलिस से उसकी नोंकझोंक भी हुई। युवक को संभालने में पुलिस के भी पसीने छूट गए। एसओ ने बताया कि युवक का शांतिभंग करने के आरोप में चालान कर दिया गया है।
-----------------
दंगा भड़काने का आरोपी भी था शामिल
हरिद्वार। बड़ी बात यह है कि होटल में हुए तांडव में एक आरोपी बजरंग दल का नेता नवीन तेश्वर भी है। नवीन पर कनखल में मुस्लिम समाज के लोगों के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ कर शहर को सांप्रदायिकता की आग में झोंकने का प्रयास का आरोप है। दो दिन पूर्व नवीन तेश्वर राजमार्ग पर हरिद्वार पुलिस के साथ यातायात व्यवस्था संभालता दिख रहा था एसओ ओमकांत भूषण ने बताया कि बजरंग दल के नेता की मौके पर मिली कार सीज कर दी है, उसकी गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।