नेशनल हाईवे पर शंकराचार्य चौक के पास गलत साइड पर दौड़ रही मुरादाबाद डिपो की बस ने एक युवा व्यवसायी की जान ले ली। चालक दुर्घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर की दूर बस को छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा जबकि परिचालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
दुर्घटना बृहस्पतिवार देर रात हुई। कनखल के वैष्णवी अपार्टमेंट में रहने वाले प्रेम प्रकाश आहूजा का रेलवे स्टेशन हरिद्वार के सामने प्रेम भोजनालय (ढाबा) है। बृहस्पतिवार देर रात उनका बेटा वीरेंद्र आहूजा (27) स्कूटी से ढाबे पर जा रहे थे । शंकराचार्य चौक को पार करते वक्त चंडीघाट चौक की तरफ जा रही मुरादाबाद डिपो की बस के चालक ने गलत साइड से चौराहे को पार करते वीरेंद्र आहूजा को कुचल दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। चालक ने बस रोकने की बजाय दौड़ा दी। दुर्घटना की सूचना फ्लैश होने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को रोडीबेलवाला चौकी के पास से पकड़ परिचालक को हिरासत में ले लिया जबकि चालक फरार हो गया था। मृतक की बहन श्रुति ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।