श्यामपुर। जंगल में अवैध रूप से हरे पेड़ काट रही लक्कड़ बस्ती की महिलाओं ने विरोध करने पर वन विभाग की महिला आरक्षी एवं संविदा कर्मी की पिटाई कर दी। शिकायत मिलने पर हरकत में आई स्थानीय पुलिस ने देर शाम लक्कड़ बस्ती से दो आरोपी महिलाओं को दबोच लिया।
घटना बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है। कालीमाता मंदिर के पीछे जंगल में गश्त कर रही वन आरक्षी विनीता पांडे, संविदाकर्मी जगदीश वर्मा गश्त कर रहे थे। श्यामपुर रेंज की नसरवाली बीट में गश्त के दौरान कुछ महिलाओं को हरे पेड़ काटता देख वनकर्मियों ने उन्हें रोकना चाहा। आरोप है कि विरोध करने पर महिलाओं ने वनकर्मियों से मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान महिला वनकर्मी के कान का एक कुंडल भी गिर गया। मारपीट के बाद महिलाएं फरार होने में कामयाब रही। वनकर्मियों की सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। महिला वनकर्मी के कान पर चोट आने के चलते उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। देर शाम ही वन क्षेत्राधिकारी ने आरोपी महिला निर्मला, सरिता, सुनीता, शालिया, फूलो, अनीता, गीता, संगीता, यशोदा निवासीगण लक्कड़बस्ती रोड़ीबेलवाला के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। एसओ प्रदीप मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ छापा मारकर आरोपी महिला निर्मला और सरिता को पकड़ लिया जबकि अन्य आरोपी महिलाएं फरार होने में कामयाब रही। एसओ प्रदीप मिश्रा ने बताया कि अन्य आरोपी महिलाओं की भी तलाश कर रहे है।