हरिद्वार। बुजुर्ग से जमीन दिलाने के नाम पर आठ लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बहादराबाद थाना प्रभारी संजीव थपलियाल के मुुताबिक रानीपुर क्षेत्र की टीएचडीसी कॉलोनी निवासी धर्म सैन ने शिकायत देकर बताया उसे जमीन लेनी थी। इसके लिए केशव कुमार सैनी निवासी निल खुदाना ज्वालापुर, सतवीर निवासी ऋषिकुल व रमेश चंद रावली महदूद सहदेवपुर ने उसे बहादराबाद टोल प्लाजा के पास जमीन दिखाकर बयाने के तौर पर किश्तों में आठ लाख 50 हजार रुपये लिए थे। वहीं आरोपियों ने रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कराने की बात भी कही थी। धर्म सैन का कहना है कि 17 जुलाई 2021 को जब उसने आरोपियों से रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कराने के लिए कहा तो आरोपियों ने मना कर दिया।
आरोपी सतवीर ने उसे नेतागिरी की धमकी भी दी। धर्म सैन का आरोप है कि आरोपियों ने उससे आठ लाख 50 हजार रुपये धोखे से हड़प लिए हैं। इसके बाद पीड़ित ने बहादराबाद थाने में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने के लिए कहा, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराने के लिए प्रार्थनापत्र दिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।