बहादराबाद पुलिस ने रुड़की-हरिद्वार हाईवे स्थित जमीन के लेनदेन और लाखों की धोखाधड़ी के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में एक पार्टी का नेता भी शामिल है।
थानाध्यक्ष रणवीर सिंह चौहान के मुताबिक गौरव सैनी निवासी नई दिल्ली मालकिन नगर नई दिल्ली हाल आरोग्यम सिटी ने बताया कि उन्होंने रुड़की-हरिद्वार रोड शांतरशाह में कालोनी बनाने के लिए 16 हजार वर्ग फीट भूमि वर्ष 2019 में प्रेम चंद सैनी और केशव कुमार सैनी से खरीदी थी। सौदा ढाई करोड़ में तय हुआ था और बतौर बयाना दस लाख रुपये चेक से दिए गए थे। बाकी भुगतान का एक वर्ष का समय था। आरोप है कि पूरा भुगतान करने से पहले कालोनी में सड़क, बिजली के पोल की जिम्मेदारी प्रेमचंद सैनी और कंशव सैनी ने ली थी।
गौरव सैनी का आरोप है कि आरोपियों ने धरातल पर कोई भी कार्य नहीं करके नहीं दिया। जब उन्होंने 10 लाख रुपये वापस मांगे तो अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि गौरव सैनी की शिकायत पर प्रेमचंद सैनी निवासी इंद्रलोक कालोनी शिवालिक नगर और केशव कुमार सैनी निवासी नील खुदाना ज्वालापुर के खिलाफ दस लाख की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रेमचंद सैनी किसी पार्टी का नेता बताया जाता है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।