बैंक कैशियर के मकान का ताला तोड़कर नकदी, सोने की चेन, गैस सिलिंडर व अन्य सामान चोरी कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी का आरोपी कैशियर ने अपने सालों पर लगाया है।
थाना प्रभारी श्यामपुर अनिल चौहान के मुुताबिक गांव गैंडीखाता निवासी जसबीर सिंह ने शिकायत देते हुए बताया कि वह बैंक में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। जसबीर का अपनी पत्नी से पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। जिसके चलते वह दो वर्षों से अपनी पत्नी व बच्चों से अलग रह रहे हैं। आरोप है कि उनकी पत्नी व बच्चों ने पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट व दुर्व्यवहार किया। जिसकी शिकायत एसएसपी से की थी। जसबीर ने बताया कि वह चार अगस्त को सुबह नौ बजे गैंडीखाता में स्थित अपने मकान का ताला लगातार ड्यूटी पर हरिद्वार आ गए थे।
बैंक में ड्यूटी में लेट होने व मौसम खराब होने के कारण वह मुखियागली स्थित आनंद भवन मे रुक गए थे। पांच अगस्त को उनकी तबीयत खराब होने के कारण वह अवकाश पर थे। जिसके बाद उनके साथ बैंक में काम करने वाला नितिश कुमार उन्हें उनके आवास गैंडीखाता पर छोड़ने के लिए गए। जब वह मकान पर पहुंचे तो वहां का ताला टूटा हुआ था। संदूक से 35 हजार रुपये की नकदी, एक सोने की चेन व जरूरी कागजात गायब हैं। जसवीर ने अपने मकान के सामने स्थित स्कूल के चौकीदार चतर सिंह सैनी ने पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके साले गुरमीत सिंह, सुखराज कौर, कमलदीप व रमनप्रीत ने घर का ताला तोड़ा है। थाना प्रभारी अनिल चौहान ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।