हरिद्वार हाइवे पर फरीदाबाद के एक युवक की फ्लाइओवर से गिरने के दौरान जमा लोगों की भीड़ ।
- फोटो : HARIDWAR
ऋषिकेश से बाइक पर घर लौट रहे फरीदाबाद के एक युवक की फ्लाईओवर से गिरकर मौत हो गई। हादसा कनखल में सिंहद्वार के पास हुआ है।
कनखल थाना प्रभारी मुकेश चौहान के मुताबिक फरीदाबाद हरियाणा निवासी ललित सागर (25) 27 फरवरी को बाइक से ऋषिकेश घूमने आया था। इस दौरान नीलकंठ महादेव मंदिर भी गए। बुधवार को उनके साथ के लोग कार से लौटे और वह बाइक से जा रहा था। उन्होंने बताया कि ललित सागर जैसे ही प्रेमनगर फ्लाईओवर पर पहुंचा तो उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की साइड की दीवार से टकराई। युवक बाइक से छिटककर नीचे सर्विस रोड पर आ गिरा।
मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गंभीर हालत में सिटी अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवा दिया है। कनखल थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।